
सिरसा (द स्टैलर न्यूज़)। सिरसा जिले के नाथूसरी चौपटा क्षेत्र में गांव नहराणा के पास बीती देर रात एक सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में 3 युवकों की मौत हो गई। भट्ठू से चौपटा की ओर जा रही कार तूड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में 2 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। तीनों की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच बताई गई है।

जानकारी के अनुसार, कार सवार युवक बीती देर रात करीब एक बजे भट्ठू से चौपटा की ओर जा रहे थे। गांव नहराणा के पास उनकी कार तूड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से पीछे से टकरा गई। हादसे में संदीप पुत्र सूबे सिंह निवासी पीली मंदोरी और कुलदीप पुत्र ओमप्रकाश निवासी ढाणी गोपाल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल नरेश पुत्र रणबीर निवासी किरतान को नागरिक अस्पताल सिरसा पहुंचाया गया। वहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अग्रोहा रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। नाथूसरी चौपटा थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने तीन युवकों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।












