Wednesday, November 4, 2026
Home Himachal चंबा के स्कूल में शौचालय विवाद पर भड़का जातिवाद का मुद्दा  

चंबा के स्कूल में शौचालय विवाद पर भड़का जातिवाद का मुद्दा  

हिमाचल प्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के मैहला शिक्षा खंड के अंतर्गत आने वाले सामरा (बिंदला) स्कूल में छात्रा के साथ कथित जातिगत भेदभाव और दुर्व्यवहार के मामले में विभागीय कार्रवाई तेजी से आगे बढ़ रही है। जिस कारण शिक्षा विभाग में हलचल मच गई है। छात्रा ने आरोप लगाया है कि स्कूल के शौचालय की टाइलें साफ करने से इनकार करने पर मल्टी टास्क वर्कर ने उसे जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया। मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद सामने आया था। वीडियो में छात्रा ने अपने साथ हुए कथित दुर्व्यवहार और जातिगत टिप्पणी को लेकर शिकायत की थी। मामले में अब विभागीय कार्रवाई शुरू हो गई है।

Advertisements

मामले को लेकर प्रधानाचार्य ने संबंधित मल्टी टास्क वर्कर को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। हालांकि, कर्मचारी की ओर से दिए गए जवाब को संतोषजनक नहीं माना गया। इसके बाद प्रधानाचार्य ने अपनी रिपोर्ट उच्च शिक्षा उपनिदेशक को भेज दी है। प्रधानाचार्य ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि कर्मचारी ने घटनाक्रम रविवार का बताया, जबकि रविवार को स्कूल में अवकाश रहता है। कर्मचारी की ओर से अपनी गलती भी स्वीकार नहीं की गई है।

वीडियो बनाने वाली महिला ने स्कूल में मल्टी टास्क वर्कर की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। महिला का आरोप है कि कर्मचारी हाजिरी लगाने के बाद घर चले जाते हैं और विद्यार्थियों पर सफाई कार्य करने का दबाव बनाया जाता है। वहीं, प्रधानाचार्य ने संबंधित कर्मचारी और उसके रिश्तेदारों पर धमकाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत देने की बात कही है।

उच्च शिक्षा उपनिदेशक विकास महाजन ने बताया कि प्रधानाचार्य की रिपोर्ट मिलने के बाद जांच कमेटी गठित की जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विभागीय जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि छात्रा के साथ कथित जातिगत भेदभाव और दुर्व्यवहार के आरोपों में कितनी सच्चाई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here