
हिमाचल प्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। शिमला जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटे सहित 5 लोगों की मौत हो गई। वाहन सड़क से गहरी खाई में जा गिरा। शिमला जिले की टिक्कर तहसील के दरोटी गांव के पास यह हादसा हुआ। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई व एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। मृतकों में मां-बेटे सहित तीन नेपाली नागरिक शामिल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे में दरोटी गांव निवासी कुशल पुत्र प्रमोद और उसकी मां कल्पना देवी पत्नी प्रमोद की मौत हो गई। इनके अलावा तीन नेपाली नागरिकों ने भी दुर्घटना में दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान निर्मला पत्नी पवन, मीना पत्नी प्रेम और रोशनी पुत्री प्रेम के रूप में हुई है। तहसीलदार टिक्कर प्रियंजली और नायब तहसीलदार मेहर सिंह फिष्टा ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी पांच लोगों के परिजनों को प्रशासन की ओर से फौरी राहत के रूप में 15-15 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई है। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है।












