
उत्तर प्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। उत्तर प्रदेश के झांसी से एक बेहद क्रूर और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, दरिंदों ने एक बेजुबान चूहे को रस्सी से बांधा, उस पर पेट्रोल छिड़का और फिर उसमें आग लगा दी। आग की लपटों के बीच वो छोटा सा जीव तड़पता रहा, और पास खड़े ये लड़के तमाशा देखते रहे, हंसते रहे और अपने मोबाइल से इसका वीडियो बनाते रहे। इस पूरी घटना का करीब 47 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में चूहा आग की लपटों के बीच छटपटाता दिखाई देता है। पुलिस ने 4 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वायरल वीडियो झांसी के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित ओरछा गेट की कसाई मंडी इलाके का बताया जा रहा है। आरोप है कि कुछ युवकों ने एक छोटे से चूहे को रस्सी के सहारे लोहे के गेट पर बांध दिया। इसके बाद उस पर पेट्रोल जैसा ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगा दी। वीडियो में आग की लपटों के बीच चूहा खुद को बचाने के लिए लगातार छटपटाता नजर आता है। इसी दौरान रस्सी टूटने पर वह इधर-उधर भागने लगता है। आरोप है कि घटना के समय वहां मौजूद युवक उसकी मदद करने के बजाय पूरी घटना को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड करते रहे।

इस मामले में सीओ सिटी प्रिया सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस को एक वीडियो मिला था। इसमें एक जिंदा चूहे पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर उसे जलाने की घटना दिखाई दे रही थी। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए कोतवाली थाने में मुकदमा अपराध संख्या 319/26 दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में जुनैद कुरैशी, जीशान कुरैशी, आशिक कुरैशी और शफीक को नामजद किया गया है। चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।












