
मानसा (द स्टैलर न्यूज़)। मानसा से कानून व्यवस्था और पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाला एक खबर सामने आई है। जिले के बुढलाड़ा स्थित स्थानीय आईटीआई चौक पर लोगों ने एक पंजाब पुलिस के ASI को सरेआम चिट्टे (नशे) का सेवन करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और गुस्साए लोगों ने आरोपी पुलिसकर्मी के साथ मारपीट शुरू कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पकड़े गए पुलिस कर्मचारी की पहिचान सहज प्रीत सिंह से हुई है, जो कि मूल रूप से जहान खेल में तैनात है और बुढलाड़ा में आधिकारिक ड्यूटी पर आया हुआ था। ड्यूटी के दौरान इस प्रकार सरेआम नशीले पदार्थ का सेवन करने की घटना ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ से बचाने के लिए काबू करने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच तीखी झड़प भी देखने को मिली। स्थिति को संभालते हुए पुलिस उक्त कर्मचारी को बचाकर पास ही के एक शोरूम के अंदर ले गई। इससे गुस्साए लोगों ने शोरूम के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया और रोषस्वरूप शोरूम के शीशे तोड़ डाले।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आईटीआई चौक पर धरना लगाकर आप की सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मौजूदा सरकार के शासनकाल में नशा बेलगाम हो चुका है और इस व्यवस्था में हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।












