
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। रोटरी आई बैंक एवं कॉर्नियल ट्रांसप्लांटेशन सोसायटी द्वारा रोटरी क्लब ऑफ होशियारपुर के सहयोग से पी.डी. आर्य महिला सीनियर सेकेंडरी स्कूल, होशियारपुर के विद्यार्थियों की डिजिटल मशीनों द्वारा आंखों की जांच की गई। यह स्वास्थ्य जांच शिविर संस्था के प्रधान जे. बी. बहल की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।

इस अवसर पर प्रधान जे. बी. बहल ने कहा कि मोबाइल फोन और टेलीविजन के अत्यधिक उपयोग के कारण बच्चों में आंखों से संबंधित समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को मोबाइल और टीवी का सीमित उपयोग करने के लिए प्रेरित करें, क्योंकि लंबे समय तक स्क्रीन देखने से आंखों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
इस अवसर पर सचिव प्रो. दलजीत सिंह ने बताया कि इस कैम्प में कक्षा पहली से लेकर 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों की आंखों की जांच की गई। जांच के उपरांत जिन बच्चों की आंखों में किसी प्रकार की समस्या पाई गई, उन्हें अगली जांच के लिए सिविल अस्पताल होशियारपुर रेफर कर दिया गया, ताकि बच्चों को समय रहते आंखों की गंभीर समस्याओं से बचाया जा सके और उचित उपचार मिल सके।
इस अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ होशियारपुर की ओर से रोटेरियन जी.एस. बावा ने कहा कि बच्चों की आंखों की नियमित जांच करवाना बेहद जरूरी है, क्योंकि बचपन में ही आंखों से संबंधित समस्याओं की पहचान होने पर उनका समय रहते उपचार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि रोटरी आई बैंक एवं कॉर्नियल ट्रांसप्लांटेशन सोसायटी एवं रोटरी क्लब ऑफ होशियारपुर का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक बेहतर नेत्र स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना और लोगों को नेत्रदान के प्रति जागरूक करना है। ऐसे स्वास्थ्य जांच शिविर बच्चों के बेहतर भविष्य और स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने इस सराहनीय पहल के लिए स्कूल प्रबंधन एवं सभी सहयोगी सदस्यों का आभार भी व्यक्त किया।
इस अवसर पर पी. डी. आर्य स्कूल की प्रिंसिपल शिवानी शर्मा ने विद्यार्थियों से कहा कि उन्हें मोबाइल के प्रयोग की बजाय खेलकूद में अपना समय बिताना चाहिए, जिससे उनके मानसिक विकास के साथ-साथ सेहत और नेत्र दृष्टि को भी काफी लाभ मिलेगा। अंत में उन्होंने रोटरी आई बैंक एवं कॉर्नियल ट्रांसप्लांटेशन सोसायटी तथा रोटरी क्लब ऑफ होशियारपुर के उपस्थित सभी सदस्यों का धन्यवाद करते हुए कहा कि सोसायटी बहुत ही सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने भविष्य में भी स्कूल में इस तरह के कैम्प आयोजित करने की इच्छा जताई। इस अवसर पर मोनिका चौहान, सीमा रानी, सुनता, नवीन, जसबीर कंवर, प्रो. राजीव शर्मा, एन.के. गुप्ता, कृष्ण किशोर, रमिन्द्र सिंह, तरुण सरीन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।











