Thursday, October 29, 2026
Home Hoshiarpur 12 नवंबर को प्रकाशित होगा मतदाता सूचियों का ड्राफ्ट, 4 जनवरी 2027...

12 नवंबर को प्रकाशित होगा मतदाता सूचियों का ड्राफ्ट, 4 जनवरी 2027 को होगा अंतिम प्रकाशन: आशिका जैन

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। जिला निर्वाचन अधिकारी-कम-डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एस.एस.आर)-2027 करवाया जा रहा है। इस पुनरीक्षण के लिए 1 जनवरी 2027 को योग्यता तिथि निर्धारित किया गया है। इसका उद्देश्य पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं और पहली बार मतदान के योग्य होने वाले नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करना सुनिश्चित करना है।

Advertisements

उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग की ओर से पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र नागरिक मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके अलावा, 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्तूबर 2027 को निर्धारित आयु पूरी करने वाले संभावित पात्र मतदाताओं से भी अग्रिम आवेदन प्राप्त किए जाएंगे, ताकि उन्हें निर्धारित समय पर मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया पूरी की जा सके।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, मतदान केंद्रों की रैशनलाईजेशन एवं पुनर्व्यवस्थीकरण 2 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 12 नवंबर 2026 को एकीकृत प्रारूप मतदाता सूचियों का प्रकाशन किया जाएगा। प्रारूप मतदाता सूचियों के संबंध में दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवाने की अवधि 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक निर्धारित की गई है।

उन्होंने बताया कि प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निपटारा 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा, जबकि मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा। आशिका जैन ने पात्र नागरिकों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करवाने के लिए निर्धारित अवधि के दौरान आवेदन करें। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। इसलिए युवाओं और पहली बार मतदान करने के योग्य नागरिकों को विशेष रूप से आगे आकर अपना मतदाता पंजीकरण सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भी निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार पुनरीक्षण प्रक्रिया को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here