
नरवाना (द स्टैलर न्यूज़)। नरवाना के भाणा ब्राह्मणन गांव में स्थित नाथ संप्रदाय के डेरे में, साध्वी राजनाथ पर उनके ही सेवादार ने जानलेवा हमला कर दिया है। शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे जब साध्वी डेरे में अकेली थीं, तभी सेवादार राहुल ने लोहे की रॉड और धारदार हथियार से उनके सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ कई वार किए। हमला करने के बाद आरोपी साध्वी को खून से लथपथ हालत में छोड़कर, डेरे से करीब 7 लाख रुपये नकद, एक ब्रेजा कार, गहने और चांदी के बर्तन लेकर फरार हो गया।

घटना का पता तब चला जब सुबह निर्माण कार्य के लिय मजदूर डेरे में पहुंचे तो साध्वी खून से लथपथ मिलीं। उन्हें पहले नरवाना के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। आरोपी राहुल करीब एक सप्ताह पहले ही डेरे में सेवा के लिए आया था। इससे पहले भी वह करीब 2 महीने तक यहां सेवादार रह चुका था। साध्वी कंचन नाथ की शिकायत पर सदर थाना नरवाना पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है और आरोपी की तलाश की जा रही है।












