
त्रिपुरा (द स्टैलर न्यूज़)। त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिए जाने के बाद ग्रामीणों के एक समूह ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों पर हमला कर दिया। इस घटना में करीब तीन जवान घायल हो गए। मुख्यमंत्री माणिक साहा ने घटना की निंदा करते हुए पुलिस को त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। पुलिस ने बताया कि आशाबाड़ी सीमा चौकी के पास हुई इस घटना के सिलसिले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ”सोमवार को आशाबाड़ी में संदिग्ध तस्करी गतिविधियों के आरोप में एक व्यक्ति को हिरासत में लिए जाने के बाद गुस्साए ग्रामीणों के एक समूह ने बीएसएफ जवानों पर हमला कर दिया। इस हमले में करीब तीन जवान घायल हो गए।

भीड़ ने बीएसएफ के एक वाहन में तोड़फोड़ की और सीमा प्रहरियों से हथियार छीनने की कोशिश भी की।” उन्होंने बताया कि घटना में कथित संलिप्तता के आरोप में छह ग्रामीणों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कुछ अन्य लोगों को पूछताछ के लिए कलामचौरा थाने लाया गया है। मुख्यमंत्री साहा ने सोशल मीडिया पर कहा कि सुरक्षा बलों के खिलाफ हिंसा की घटनाएं पूरी तरह अस्वीकार्य हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि, ”मैं आशाबाड़ी में उपद्रवियों के एक समूह द्वारा हमारे बहादुर बीएसएफ जवानों पर किए गए क्रूर हमले की कड़ी निंदा करता हूं। हमारे सुरक्षा बलों के खिलाफ इस तरह की हिंसक घटनाएं पूरी तरह अस्वीकार्य हैं और इनकी स्पष्ट रूप से निंदा की जानी चाहिए।”












