
आंध्र प्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में बीती कल हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) की बड़ी रिफाइनरी में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने से पहले तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। घटना के बाद रिफाइनरी परिसर से धुएं का घना गुबार उठने लगा, जो दूर-दूर तक दिखाई दिया। इससे आसपास के इलाकों में रहने वाले लोग भी चिंतित हो गए। हालांकि, अधिकारियों ने लोगों से घबराने के बजाय स्थिति पर नजर रखने की अपील की है।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग रिफाइनरी के सल्फर पिच टैंक में लगी। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल आग इसी हिस्से तक सीमित है और प्लांट के दूसरे महत्वपूर्ण हिस्सों तक इसके फैलने की सूचना नहीं है। इससे बड़े नुकसान की आशंका को लेकर कुछ राहत मिली है। हालांकि, आग पर पूरी तरह काबू पाने के लिए लगातार कोशिशें की जा रही हैं। आग लगने की खबर मिलते ही एचपीसीएल की अग्निशमन टीम सक्रिय हो गई। इसके साथ ही अन्य दमकलकर्मी भी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का काम शुरू किया। कई दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है। रिफाइनरी प्रबंधन और संबंधित अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि आग को दूसरे हिस्सों तक फैलने से रोका जा सके।
विशाखापत्तनम के पुलिस आयुक्त के अनुसार, आग फिलहाल टैंक तक ही सीमित है और संयंत्र के दूसरे हिस्सों पर किसी बड़े खतरे की जानकारी नहीं मिली है। अधिकारियों ने यह भी कहा कि धुएं को लेकर फिलहाल किसी गंभीर खतरे की आशंका नहीं जताई गई है। हालांकि, स्थिति पर नजर रखी जा रही है।












