
उत्तर प्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के हाटा कोतवाली क्षेत्र में कल बीती देर रात भीषण सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई। इनमें से 5 सदस्य एक ही परिवार के थे। हादसे में 2 लोग गंभीर घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। यह हादसा कार और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर से हुआ है। कोतवाली हाटा के थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि सभी लोग रात में एक समारोह से शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में ट्रक से उनकी गाड़ी की टक्कर हो गई। हादसे में मौके पर ही 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल हैं।

इनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। कुल मृतकों की संख्या 7 हो गई है। एक घायल को एंबुलेंस की मदद से बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर भेजा गया है। वहीं, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस मामले में मुकदमा दर्ज करके आगे की विधिक कार्रवाई और जांच की जाएगी.
उन्होंने बताया कि हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मृदुल मिश्रा (38), कन्हैया प्रसाद (45), मिथिलेश गुप्ता (21), रंजय गुप्ता (37), राम मिलन प्रसाद (38), रामविलास ( 65) और आयुष प्रसाद (17) के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।












