
कर्नाटक (द स्टैलर न्यूज़)। कर्नाटक के कलबुर्गी से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। कलबुर्गी के दरियापुर इलाके में घर के बाहर खेल रहे 4 साल के मासूम बच्चे मनोज पर एक आवारा कुत्ते ने अचानक जानलेवा हमला कर दिया। कुत्ते के काटने और बुरी तरह नोंचने से मासूम मनोज गंभीर रूप से घायल हो गया था। अस्पताल में इलाज के दौरान उस नन्हीं जान ने दम तोड़ दिया और उसकी सांसें हमेशा के लिए थम गईं। मृतक बच्चे की पहचान मनोज पुजारी जामबगा के रुप में हुई है। वह कलबुर्गी तालुक के जामबगा गांव के रहने वाले शरणबसप्पा पुजारी का बेटा था।

यह घटना गणदेवता मंदिर के पास वाली सड़क पर हुई। मासूम मनोज घर के बाहर खेल रहा था, तभी एक लावारिस कुत्ते ने अचानक उस पर झपट्टा मार दिया। हमले में बच्चा लहूलुहान होकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।












