
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने अपना नया नेविगेशन सैटेलाइट लॉन्च कर दिया है। इस मिशन का नाम जीएसएलवी-एफ18/एनवीएस-03 है। इसे आंध्रप्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र के दूसरे लॉन्च पैड से रात 11 बजकर 51 मिनट पर लॉन्च किया गया। यह जीएसएलवी (GSLV) रॉकेट की 20वीं उड़ान है, जो इस सैटेलाइट को अंतरिक्ष में उसके सही ठिकाने पर पहुंचाएगी। यह एनवीएस-03 भारत की सेकंड जेनरेशन की नेविगेशन सैटेलाइट सीरीज का तीसरा उपग्रह है। इसे भारत के अपने जीपीएस सिस्टम ‘NavIC’ (नेविगेशन विद इंडियन कॉन्स्टेलेशन) को और आधुनिक बनाने के लिए भेजा जा रहा है। आसान शब्दों में कहें तो यह सैटेलाइट भारत और उसकी सीमाओं से करीब 1,500 किलोमीटर दूर तक के इलाके में बिल्कुल सटीक लोकेशन, रास्ते और समय की जानकारी देने में मदद करेगा।

इस सैटेलाइट की सबसे बड़ी खासियत ये है कि इसमें भारत में बनी स्वदेशी एटॉमिक क्लॉक लगाई गई है, जो सटीक समय बताने का काम करती है। इसके अलावा इसमें नए L1 सिग्नल को जोड़ा गया है, जिससे आम लोगों के स्मार्टफोन और गाड़ियों में नेविगेशन सेवाएं और भी बेहतर तरीके से काम करेंगी। भारत का यह नेविगेशन सिस्टम दो तरह की सेवाएं प्रदान करता है- आम नागरिकों के लिए ‘स्टैंडर्ड सर्विस’ और सुरक्षा बलों के लिए ‘रिस्ट्रिक्टेड सर्विस’। स्टैंडर्ड सर्विस का इस्तेमाल आम लोग रोजमर्रा के रास्तों और लोकेशन जानने (जैसे गूगल मैप्स) के लिए करते हैं, वहीं दूसरी सेवा पूरी तरह से सुरक्षित और सीक्रेट (एन्क्रिप्टेड) होती है, जिसे केवल देश की सेना और अधिकृत सुरक्षा एजेंसियां ही इस्तेमाल कर सकती हैं।











