
आंध्र प्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले से एक बेहद ही खौफनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहाँ राप्टाडु मंडल स्थित जिला परिषद हाई स्कूल में एक 21 वर्षीय बाहरी युवक ने क्लासरूम के अंदर घुसकर 10वीं कक्षा की एक छात्रा पर पेड़ काटने वाली इलेक्ट्रिक आरी (चेनसॉ) से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। यह घटना शनिवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे राप्टाडु गांव के जिला परिषद हाई स्कूल में हुई। आरोपी की पहचान हेमंत उर्फ डुम्मू के रूप में हुई है। वह धर्मावरम कस्बे का रहने वाला है। उसने अय्यावरीपल्ली गांव की रहने वाली 15 साल की गोपिका पर आरी से हमला कर दिया। लड़की की हालत गंभीर है। अनंतपुर सरकारी अस्पताल में उनकी एक सर्जरी चल रही है। उसे आगे के इलाज के लिए एयर एम्बुलेंस से बेंगलुरु ले जाया जाएगा।

जिस समय लड़के ने छात्रा पर हमला किया वह क्लास में पढ़ाई कर रही थी। सवाल यह है कि लड़का क्लास में घुसा कैसे, जबकि स्कूल में सख्त सुरक्षा होती है। वहीं जिस वक्त उसने लड़की पर हमला किया वहां पर टीचर भी मौजूद थे और क्लास चल रही थी। हमले में गोपिका की गर्दन और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। इस हमले में उसके साथ बैठी उसकी क्लासमेट के पैर में भी इस हमले के दौरान गंभीर चोट लगी है। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
दोनों घायल छात्राओं को इमरजेंसी इलाज के लिए अनंतपुर के सरकारी जनरल अस्पताल (GGH) में भर्ती कराया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस जांच जारी है।











