
राजस्थान (द स्टैलर न्यूज़)। राजस्थान के झुंझनू जिले के छापोली में सड़क निर्माण के दौरान बड़ा हादसा होने का समाचार है। यहां रोड़ी मिलाने वाली मशीन 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। हादसे में करंट लगने से 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 3 घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, उदयपुरवाटी क्षेत्र के छापोली गांव में ग्रामीणों की ओर से जनसहयोग से सड़क का निर्माण करवाया जा रहा था। सड़क निर्माण के लिए मौके पर रोड़ी मिलाने वाली मशीन लगाई गई थी। इसी दौरान मशीन का संपर्क ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन से हो गया। हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आते ही मशीन में करंट फैल गया और आसपास काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। इस दर्दनाक हादसे ने ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क निर्माण के दौरान सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

झुंझुनू जिला कलेक्टर अरुण गर्ग ने बताया कि उन्हें फोन के माध्यम से छापोली में सड़क निर्माण के दौरान हुए हादसे की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गांव के लोग जनसहयोग से सड़क का निर्माण करवा रहे थे। इसी दौरान निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली मशीन हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। कलेक्टर के अनुसार, करंट की चपेट में आने से शुरुआत में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके बाद उपचार के दौरान तीन अन्य लोगों ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में कुल 8 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 3 लोग गंभीर हालत में बताए जा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद जिला कलेक्टर ने घटनास्थल के लिए रवाना होने की जानकारी दी। हादसे की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्रीय विधायक भगवानाराम सैनी ने भी घटना पर दुख जताया और बताया कि वे घटनास्थल के लिए रवाना हो रहे हैं।












