
बंगा/नवांशहर (द स्टैलर न्यूज़)। सीनियर कांग्रेसी नेता और श्री आनंदपुर साहिब लोकसभा क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार मनीष तिवारी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक आतंकी घटना की आरोपी साध्वी प्रज्ञा को भोपाल संसदीय क्षेत्र से चुनाव में उतार कर पाकिस्तान और मसूद अजहर को बड़ा फायदा पहुंचाया है। तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने लोगों को बांटने के घटिया उद्देश्य के लिए देश को एक बड़ी हानि पहुंचाई है।


इसका कारण यह है कि यह चुनाव देश की धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक नींव को मजबूत बनाकर रखने के लिए बहुत महत्वपूर्ण है, जो इस वक्त खतरे में है। कांग्रेस के प्रवक्ता ने कहा कि पंजाब ने हमेशा से धर्मनिरपेक्ष सकारात्मक और राष्ट्रवादी मूल्यों की रक्षा में एक उदाहरण पेश की है और इसने हमेशा से सांप्रदायिक और फूट डालने वाली ताकतों को करारा जवाब दिया है। यही कारण है कि हमें पूर्ण भरोसा है कि हम मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में पंजाब में 13 में से 13 लोकसभा सीटों पर विजय हासिल करेंगे, क्योंकि यह धर्मनिरपेक्षता और संप्रदायिकता के बीच लड़ाई है।

कांग्रेस के उम्मीदवार ने अपने मुख्य विरोधी प्रेम सिंह चंदूमाजरा पर उनकी असफलता के लिए चुटकी ली और उन्हें चुनौती दी कि वह एक भी ऐसा प्रोजेक्ट बताएं, जिसे वह केंद्र में भाजपा की सरकार होने के बावजूद श्री आनंदपुर साहिब लोकसभा क्षेत्र के लिए लेकर आए हों। उन्होंने कहा कि श्री आनंदपुर साहिब के लिए सांसद निधि के फंडों को सनौर को ट्रांसफर करके चंदूमाजरा साबित कर चुके हैं कि उनकी प्राथमिकताएं क्या थी। तिवारी ने उन विचारों को सिरे से खारिज किया कि लोकसभा क्षेत्र में पार्टी के मध्य किसी भी तरह के गुटबाजी है। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता चुनावों के लिए प्रचार हेतु सडक़ों पर उतर चुके हैं। जो यह चुनाव अपने खुद के चुनाव समझकर लड़ रहे हैं और उनका उत्साह देखने लायक है।
इस दौरान उन्होंने लोकसभा हलके के सभी विधानसभा क्षेत्रों में निकाले गए उनके रोड शो को भारी समर्थन मिलने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वह सभी 9 विधानसभा क्षेत्रों में जाकर अपने प्रचार के पहले पड़ाव को पूरा कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि लोगों की ओर से उन्हें और कांग्रेस पार्टी को दिए गए अभूतपूर्व समर्थन प्यार और सत्कार से वह बहुत उत्साहित हैं। इस दौरान तिवारी के साथ अन्यों के अलावा, सीनियर पार्टी नेताओं में सतबीर सिंह पल्लीचिक्की, तरलोचन सूंद, मोहन लाल बंगा, हरप्रीत कैंथ और प्रदेश कांग्रेस महासचिव व बंगा के इंचार्ज गुरमेल सिंह पहलवान भी मौजूद रहे।












