
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। भारतीय नौसेना ने सोमालिया के पूर्वोत्तर तट पर समुद्री डाकुओं के कब्जे से मछली पकड़ने वाले जहाज ‘अजिनी’ को छुड़ाने में सफलता हासिल की है। 48 घंटे से अधिक चले अभियान में जहाज पर सवार सभी 20 सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया। इस कार्रवाई में जानी नुकसान से बचाव रहा। नौसेना के अनुसार, पिछले महीने की शुरुआत में हथियारबंद समुद्री डाकुओं के एक समूह ने इस जहाज का अपहरण कर लिया था। आशंका थी कि समुद्री डाकू इसका इस्तेमाल बड़े व्यापारिक जहाजों पर हमले करने के लिए मदर शिप के रूप में कर सकते थे।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारतीय नौसेना ने युद्धपोत आईएनएस कोलकाता को कार्रवाई के लिए भेजा। समुद्री निगरानी विमान ने भी अभियान में सहयोग किया। लगातार निगरानी के बाद जहाज का पता लगाया गया और उसकी गतिविधियों पर नजर रखी गई। उसे भागने से रोकने के लिए गैर-घातक उपाय अपनाए गए। कार्रवाई के दौरान भारतीय वायुसेना के सी-17 विमान से मरीन कमांडो को पैराशूट के जरिये उतारा गया। कमांडो ने जहाज को समुद्री डाकुओं के कब्जे से मुक्त कराया और सभी 20 सदस्यों की सुरक्षित रिहाई सुनिश्चित की। नौसेना ने कहा कि यह अभियान उसकी परिचालन क्षमता और विभिन्न सैन्य इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय का उदाहरण है। यह हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की प्रथम प्रतिक्रिया देने वाले और भरोसेमंद सुरक्षा साझेदार की भूमिका को भी दर्शाता है।












