
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब के पूर्व मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा के आवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई लगातार दूसरे दिन भी जारी है। जांच एजेंसी की टीम ने घर को चारों ओर से घेरा हुआ है और अंदर मौजूद दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है। कार्रवाई के दौरान किसी भी व्यक्ति को घर के अंदर जाने या बाहर आने की अनुमति नहीं दी जा रही।

सुंदर शाम अरोड़ा पहले भी एक चर्चित मामले को लेकर सुर्खियों में रह चुके हैं। पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने उन्हें एक विजिलेंस अधिकारी को कथित तौर पर 50 लाख रुपये की रिश्वत देने के आरोप में गिरफ्तार किया था। अब उनके आवास पर ED की लगातार दूसरे दिन चल रही कार्रवाई से होशियारपुर की सियासत में हलचल बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि जांच की कड़ी मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले तक पहुंच सकती है। हालांकि, ED की ओर से अभी तक छापेमारी के कारणों या जांच में सामने आए तथ्यों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। फिलहाल जांच जारी है।












