
उत्तर प्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा होने का समाचार है। मिली जानकारी मुताबक शामली हाईवे पर एक कार बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर के बाद कार में आग लग गई और उसमें सवार सभी छह लोग अंदर ही फंस गए। आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी लोग हरियाणा के हिसार से उत्तराखंड के हरिद्वार जा रहे थे।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया। कार सवार लोगों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी छह को मृत घोषित कर दिया। एसपी ग्रामीण अक्षय संजय ने बताया कि हादसे में मारे गए लोगों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस उनकी पहचान करने और परिजनों को सूचना देने का प्रयास कर रही है।












