
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। मध्य प्रदेश के रतलाम में दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। जानकारी के अनुसार सूरत में पदस्थ GST अधिकारी प्रवीण पूंजीलाल अपने परिवार के साथ दीपावली मनाने राजस्थान जा रहे थे, इसी दौरान जावरा के पास उनकी कार एक पुल से निचे गिरकर पलट गई। हादसे में अधिकारी समेत परिवार के 4 सदस्य घायल हो गए। दुर्घटना के बाद जब पुलिस ने कार की जांच की तो उसमें से 54.50 लाख रुपये नकद और आभूषण बरामद हुए, जिसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार प्रवीण पूंजीलाल (40) राजस्थान के गंगानगर रहने वाले हैं। वे गुजरात के सूरत में GST विभाग में अधिकारी के पद पर तैनात हैं। प्रवीण दीपावली की छुट्टियों में पत्नी संतोष (37), बेटे आदित्य (10) और अथर्व (8) के साथ वापी से गंगानगर जा रहे थे। गुरुवार शाम करीब 5:15 बजे उनकी कार रतलाम जिले के जावरा औद्योगिक क्षेत्र के पास नीमन नागदी इलाके में पहुंची। इसी दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और एक्सप्रेस-वे के ब्रिज से नीचे गिरकर कई पलटियां खा गया।
हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे चारों लोगों को बाहर निकाला और उपचार के लिए जावरा अस्पताल भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल सभी घायलों का इलाज प्राथमिकता पर है।
दुर्घटना के बाद पुलिस ने जब वाहन की तलाशी ली तो कार से 54.50 लाख रुपये नकद और आभूषण बरामद हुए। इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद पुलिस ने सभी नकदी और गहनों को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी नकद राशि और आभूषण परिवार के पास कहां से आए थे और उन्हें किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) विवेक कुमार के अनुसार कार से 50 लाख रुपये से अधिक नकदी और आभूषण बरामद हुए हैं। उन्होंने कहा कि घायलों को गंभीर चोटें आई हैं, इसलिए फिलहाल उनके बयान दर्ज नहीं किए जा सके हैं। पुलिस का कहना है कि घायलों के बयान और दस्तावेजों की जांच के बाद ही नकदी और आभूषणों के स्रोत तथा उनके उपयोग को लेकर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।











