
बेंगलुरू (द स्टैलर न्यूज़)। बेंगलुरु से एक खौफनाक वारदात सामने आई है। आरोप है कि पेशे से एक कैब ड्राइवर ने एक झटके में पत्नी और पूरे परिवार यानी अपने ससुराल वालों का मर्डर कर दिया। इनमें एक 7 साल का बच्चा भी शामिल है। इतना ही नहीं आरोप ये भी हैं कि उसने शहर के अलग-अलग ठिकानों पर शवों को ठिकाने लगा दिया और पुलिस को अब तक सभी लाशों का पता नहीं चल सका है। डीसीपी नॉर्थ बेंगलुरु का कहना है कि पुलिस ने इंदुशेखर नाम के एक शख्स को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि आरोपी ने दावा किया है कि उसने पारिवारिक कलह के चलते 7 लोगों की हत्या कर दी है। फिलहाल, जांच चल रही है और पुलिस सबूत और जानकारी जुटा रही है। अब तक हत्या की असली वजह का खुलासा नहीं हो सका है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इंदुशेखर अपनी पत्नी के लगातार मायकेवालों से संपर्क रखे जाने से नाराज चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी बात से नाराज होकर उसने खौफनाक कदम उठाया और पूरे परिवार को ही खत्म कर दिया। पुलिस को अब तक सिर्फ बच्चे का शव मिला है। खबर है कि शहर के पास नंदी हिल्स पर मासूम की लाश मिली है। कहा जा रहा है कि आरोपी इस बात से नाराज था कि पत्नी अपने मायके में बात कर रही थी। इस कांड का खुलासा श्रीरामपुरा पुलिस स्टेशन में केस दर्ज होने के बाद हुआ था। खबर ये भी है कि आरोपी पूछताछ के दौरान ठीक से जवाब नहीं दे रहा था और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहा था। हालांकि, इसे लेकर पुलिस ने आधिकारिक रूप से कुछ नहीं बताया है।
फिलहाल, सभी शवों की खोज के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इंदुशेखर की तरफ से दावा किया गया है कि उसने 7 लोगों को मारा है। उसने पत्नी सुनीता, सास रूपवती, साले शिवकुमार पत्नी दिव्या, साले शंकर पत्नी नलिनी और 7 साल के मासूम पुनीत का नाम शामिल है। पुलिस की शुरुआती जांच से पता चला है कि वारदात की शुरुआत इंदुशेखर ने खुद ही के घर से की थी। उसने सबसे पहले सुनीता को मौत के घाट उतारा और बाद में ससुरालवालों की हत्या के लिए प्लान बनाने लगा। उसने दोनों सालों को परिवार समेत घर पर पार्टी के लिए बुलाया और कथित तौर पर सभी को मौत के घाट उतार दिया। अब तक यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि वारदात को किस हथियार से अंजाम दिया गया है। माना जा रहा है कि आरोपी ने इसके लिए पत्थर का इस्तेमाल किया था।












