
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। दिल्ली के मयूर विहार स्थित लवली पब्लिक स्कूल में तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली 9 साल की छात्रा की क्लासरूम में अचानक गिरने के बाद मौत हो गई। बच्ची कुछ देर पहले ही प्ले पीरियड खत्म करके कक्षा में लौटी थी। वह करीब दो मिनट तक खड़ी रही और फिर अचानक जमीन पर गिर पड़ी। स्कूल प्रशासन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, डॉक्टरों ने मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट बताई है। फिलहाल दिल्ली पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। स्कूल की प्रिंसिपल भावना के मुताबिक, बच्ची सुबह खेलने के लिए बाहर गई थी। प्ले पीरियड खत्म होने के बाद वह अपनी क्लास में वापस आई। कक्षा में पहुंचने के बाद वह करीब दो मिनट तक खड़ी रही और इसके तुरंत बाद अचानक गिर गई। बच्ची को इस हालत में देखकर स्कूल स्टाफ ने तुरंत उसे संभाला और अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।

स्कूल प्रिंसिपल ने बताया कि छात्रा को बिना देरी किए निर्माण विहार स्थित मलिक रेडिक्स हेल्थ केयर ले जाया गया। स्कूल प्रशासन ने तुरंत बच्ची की मां को भी सूचना दी। एक अन्य शिक्षिका उसकी मां को अस्पताल लेकर पहुंचीं। प्रिंसिपल का कहना है कि स्कूल को छात्रा की किसी पुरानी बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी परेशानी की जानकारी नहीं थी। माता-पिता ने भी पहले ऐसी किसी समस्या के बारे में स्कूल को नहीं बताया दिल्ली पुलिस ने शुरुआती जांच के दौरान क्लासरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। पुलिस के मुताबिक, फुटेज में बच्ची अचानक गिरती हुई दिखाई दे रही है। हालांकि, घटना के पीछे की सटीक परिस्थितियों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।












