
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार के नजदीक पैवलान इलाके में एक निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत ढह गई। यह घटना सुबह करीब 10:15 बजे चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के सामने, शीश महल की गली सत्तारा में हुई। दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई है और एक व्यक्ति घायल है।

दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारियों ने बताया कि मौके पर छह इमरजेंसी यूनिट भेजी गई हैं, जिनमें तीन वॉटर टेंडर, एक वॉटर बाउजर, एक क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल और एक इंसिडेंट रिस्पॉन्स टीम शामिल हैं। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। एक अधिकारी डीके रॉय ने बताया कि निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत ढह गई है। संभव है कि कुछ लोग अंदर फंसे हों। उन्होंने और अधिक कर्मियों और एक वरिष्ठ अधिकारी की मांग की है। पुलिस ने बताया कि घायल को अस्पताल ले जाया गया है।












