
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में एक बार फिर हिंसा भड़क उठी है। प्रदर्शनकारियों पर गोलियां चलाई गई है। पीओके से सोशल मीडिया पर कई ऐसे वीडियो और तस्वीरें शेयर की गई हैं, जिनमें दावा किया गया है कि पाक आर्मी बलपूर्वक आंदोलन को कुचलने की कोशिश में है। प्रदर्शनकारियों ने पाक आर्मी पर भारी फायरिंग और ड्रोन अटैक करने का आरोप लगाया है। खासतौर से पीओके के रावलकोट शहर में ये कार्रवाई की गई है, जहां पाकिस्तानी सेना और सरकार के खिलाफ सबसे ज्यादा गुस्सा देखा गया है। बुरहानुद्दीन और अली मुस्तफा ने एक्स पर पीओके के वीडियो शेयर किए हैं। इसमें लोग बता रहे हैं कि पाकिस्तान के सुरक्षा बलों ने रावलकोट में ड्रोन हमले किए हैं। वीडियो में एक घर में आग लगे हुए देखी जा सकती है। क्षेत्र में सभी मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवाएं बंद करने का भी दावा किया गया है।

प्रदर्शनकारियों ने दुनिया के सभी कश्मीरियों से पाकिस्तान स्टेट की ज्यादती के खिलाफ एकजुटता की अपील की है। प्रदर्शनकारियों ने अब पाकिस्तान से आर-पार की लड़ाई की बात कही है। पीओके से सामने आए एक वीडियो में प्रदर्शनकारी दावा कर रहा है कि पाकिस्तानी आर्मी की फायरिंग में कम से कम तीन लोगों की जान चली गई है। वहीं कई अन्य लोग घायल हुए हैं। इससे पूरे रावलकोट में अफरा-तफरी का माहौल है। प्रदर्शनकारी ने कहा है कि पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने रावलकोट में आम लोगों और बच्चों पर गोलियां चलाई हैं। इन दावों की अन्य स्त्रोत से पुष्टि नहीं हो सकी है।












