
उत्तर प्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले से एक ऐसी सनसनीखेज घटना सामने आई है जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। छिबरामऊ के जगतपुर गांव में दिवाली के त्योहार से ठीक पहले एक हंसता-खेलता परिवार बिखर गया। यहाँ आपसी विवाद और शक के चलते एक पति ने अपनी ही पत्नी पर पेट्रोल डालकर उसे आग के हवाले कर दिया। इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया है। पुलिस को इसकी जानकारी मिलने के बाद उन्होंने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने के साथ आरोपी पति को भी गिरफ्तार कर लिया।

कन्नौज के छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्रांतर्गत जगतपुर गांव में हुई इस घटना को लेकर जानकारी सामने आई कि पति जिसका नाम सुखबीर है उसने 11 साल पहले लव मैरिज की थी और उनका एक बेटा और बेटी है। आर्थिक स्थिति खराब होने पर परिवार की रोजी रोटी का व्यवस्था करने के लिये वह हिसार में रहकर मजदूरी करने चला गया था। 2 दिन पहले वह दिवाली मनाने के लिये घर लौटा था और उसके बाद उसे शक हुआ की पत्नी का किसी से अवैध संबंध है और इसे लेकर उसका पत्नी से विवाद भी हुआ था, जिसमें 5 नवंबर की सुबह वह अपने दोनों बच्चों को लेकर बाहर चला गया और थोड़ी देर बाद बोतल में पेट्रोल लाकर पत्नी पर डाल आग लगा दी। आग लगाने के बाद वह जलती हुई पत्नी को कमरे में बंद कर फरार हो गया। पेट्रोल में भीगी पत्नी आग से थोड़ी देर में पूरी तरह जलकर मर गयी।
जगतपुर गांव में हुई इस हैरान करने वाली घटना की जानकारी मिलने के बाद जहां गांव में हड़कंप मच गया तो वहीं सूचना पर पहुंची दमकल की गाड़ी ने आग पर काबू पाया। एसपी विनोद कुमार ने क्राइम सीन पर पहुंच निरीक्षण किया। इसी बीच कोतवाल ने सुखबीर को एक जगह छापा मारकर गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने बताया की मुकदमा दर्ज कर मामले में विधिक कार्यवाही की जा रही है।











