Saturday, November 7, 2026
Home Crime हरियाणा-टेक महिंद्रा के एशिया हेड की ह-त्या, सीने में लगीं 8 गोलियां,...

हरियाणा-टेक महिंद्रा के एशिया हेड की ह-त्या, सीने में लगीं 8 गोलियां, पार्किंग को लेकर हुआ विवाद

फरीदाबाद (द  स्टैलर न्यूज़)। सेक्टर-21C में धनतेरस की रात पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने को लेकर एक विवाद हो गया। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले मोहन उर्फ मोनू शर्मा ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से परमजीत धनखड़ पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। आरोपी ने करीब 15 से 16 राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से 8 से 9 गोलियां परमजीत को लगीं। गंभीर रूप से घायल परमजीत की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी अपने परिवार सहित फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। परमजीत टेक महिंद्रा कंपनी में एशिया हेड थे। परमजीत धनखड़ मूल रूप से हिसार के रहने वाले थे और सेक्टर-21C के मकान नंबर 641 की पहली मंजिल पर पत्नी, बेटे और बेटी के साथ रहते थे। वह एक बड़ी नेशनल कंपनी में नौकरी करते थे और काम के सिलसिले में सिंगापुर में रह रहे थे। दो दिन पहले ही वह अपने परिवार के पास लौटे थे। 24 नवंबर को उनके भांजे की शादी थी।

Advertisements

परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इससे पहले ही घर में मातम छा गया। जानकारी के मुताबिक, रात करीब 8 बजे परमजीत जिम से घर लौटे थे। इसी दौरान पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने को लेकर तीसरी मंजिल पर रहने वाले मोहन उर्फ मोनू शर्मा से उनकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मोनू ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाली और परमजीत पर एक के बाद एक गोलियां चला दीं। परमजीत को संभलने तक का मौका नहीं मिला। स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच पहले भी कई बार कहासुनी हो चुकी थी। करीब पांच दिन पहले भी आरोपी ने परमजीत के बेटे सूर्य के साथ गाली-गलौज की थी। इस दौरान गेट तोड़ने का आरोप भी सामने आया था। बताया जा रहा है कि आरोपी फाइनेंस का काम करता है।

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस, क्राइम ब्रांच और एफएसएल की टीमें मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल से खाली कारतूसों के खोल बरामद कर जांच के लिए कब्जे में लिए गए हैं। शुरुआती जानकारी में 15 से 16 राउंड फायरिंग की बात सामने आई है। वारदात के बाद आरोपी मोहन उर्फ मोनू शर्मा अपने परिवार सहित फरार हो गया। पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें द्वारा गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here