Saturday, November 7, 2026
Home Punjab जालंधर में सड़क पर पड़े पाइप से टकराई बाइक, इकलौते बेटे हरमनवीर...

जालंधर में सड़क पर पड़े पाइप से टकराई बाइक, इकलौते बेटे हरमनवीर की मौत!

जालंधर (द स्टैलर न्यूज़)। जालंधर के थाना गोराया के अंतर्गत आते गांव ढेसियां काहना के 17 वर्षीय किशोर की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान हरमनवीर सिंह पुत्र ओंकार सिंह निवासी गांव ढेसियां काहना के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, हरमनवीर सिंह मोटरसाइकिल पर गोराया से अपने गांव लौट रहा था। जब वह गांव संग ढेसियां के पास पहुंचा तो सड़क के बीचोंबीच रखे सीवरेज पाइपों से उसकी बाइक टकरा गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे लुधियाना रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

Advertisements

घटना पर शिरोमणि अकाली दल अमृतसर के हलका इंचार्ज भाई दविंदर सिंह खालसा ने गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि यह बेहद दर्दनाक घटना है। एक कथित लापरवाही के कारण मासूम की जान चली गई और उसके माता-पिता को जिंदगी भर का दुख सहना पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क के बीच रखे सीवरेज पाइपों पर न तो कोई लाइट लगाई गई थी और न ही रिफ्लेक्टर या चेतावनी के लिए स्टीकर लगाए गए थे।

उन्होंने सवाल उठाया कि सीवरेज पाइप सड़क के बीचोंबीच क्यों रखे गए और वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम क्यों नहीं किए गए? भाई खालसा ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच करवाने और इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने दोषियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की भी मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here