
राजस्थान (द स्टैलर न्यूज़)। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में नेशनल हाईवे-27 पर रफ्तार का एक ऐसा खौफनाक मंजर देखने को मिला, जिसने सबको झकझोर कर रख दिया। शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे, मेनाल के पास ओवरब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान चित्तौड़गढ़ से कोटा की तरफ जा रही एक बेकाबू तेज रफ्तार कार, सड़क किनारे खड़े पानी के टैंकर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि पानी से भरा टैंकर हाईवे पर ही पलट गया, और अनियंत्रित कार सीधे ओवरब्रिज के निर्माण के लिए खोदे गए 15 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी। जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस गहरे गड्ढे में 7 मजदूर काम कर रहे थे। पलटी हुई कार के नीचे दबने से मौके पर ही 3 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई, जिसमें एक महिला भी शामिल है। वहीं कार सवार 6 लोगों समेत 10 लोग घायल हो गए। बेगूं डीएसपी अंकित कुडी ने बताया- हादसे में भीलवाड़ा जिले के आरोली निवासी बिहारी (45) पुत्र नाथू बंजारा, मांडलगढ़ के गांव बोलपुरिया निवासी सवता (50) पुत्र देवीलाल और गंगरार निवासी प्रेम बाई (40) पत्नी शंभूलाल की मौत हो गई।

वहीं भीलवाड़ा जिले के गांव आरोली निवासी अर्जुन (23) पुत्र बिहारी लाल, सुनीता (16) पुत्री फतेहलाल, चांदनी (17) और यूपी के रहने वाले कालू सिंह और कार सवार कोटा कुन्हाड़ी निवासी भूपेंद्र (39) पुत्र बालकिशन शर्मा, रीना (38) पत्नी भूपेंद्र शर्मा, साक्षी (12), कनिष्का (9), अनूश ( 7) और विष्णु प्रजापत घायल हो गए हैं। सभी को ग्रामीणों ने गड्ढे से बाहर निकाला। बेगूं डीएसपी अंकित कुडी ने बताया- मेनाल जोगणिया माता के रास्ते के लिए नेशनल हाईवे पर ओवरब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। ओरवब्रिज के लिए हाईवे के पास 15 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया है। गड्ढे में 7 मजदूर खुदाई कर रहे थे। ओवरब्रिज के काम के लिए हाईवे पर पानी का टैंकर खड़ा किया हुआ था।
इसी दौरान चित्तौड़गढ़ से कोटा की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार ने टैंकर को टक्कर मार दी और पुलिया के नीचे गड्ढे में मजदूरों पर पलट गई। कार की टक्कर से टैंकर हाईवे पर पलट गया। वहीं गड्ढे के पास खड़ी मजदूरों की बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। घायल मजदूर अर्जुन, सुनीता और कार सवार रीना की हालत गंभीर होने से तीनों को मांडलगढ़ से भीलवाड़ा रेफर कर दिया गया है। डीएसपी ने बताया-टैंकर और कार ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।












