
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट-रजनीश शर्मा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टौणी देवी में शनिवार को हुए विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के अध्यक्ष पद के चुनाव में विकास शर्मा 78 मत लेकर प्रधान निर्वाचित हुए है। चुनाव में तीन उम्मीदवारों विकास शर्मा, राजेश कुमार और अंकिता के बीच मुकाबला था। मतदान में अभिभावकों ने उत्साह से भाग लिया और परिणाम में विकास शर्मा ने 78 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। वहीं राजेश की 15 मत मिले जबकि अंकिता को 20 मत मिले। परिणाम की घोषणा पर उपस्थित अभिभावकों और शिक्षकों ने तालियों से उनका स्वागत किया।

प्रधानाचार्य रजनीश रांगड़ा ने नव-निर्वाचित अध्यक्ष को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि एसएमसी विद्यालय की प्रगति और पारदर्शी प्रबंधन का महत्वपूर्ण स्तंभ है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विकास शर्मा अपने कार्यकाल में विद्यालय को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएँगे। चुनाव जीतने के बाद अपने संबोधन में विकास शर्मा ने आश्वासन दिया कि वे विद्यालय प्रबंधन समिति और अध्यापकों के साथ मिलकर बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक गुणवत्ता को और मजबूत बनाने, आधारभूत सुविधाओं में सुधार करने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु निरंतर कार्य किया जाएगा। उन्होंने सभी अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया और विद्यालय के विकास के लिए 11 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।












