
उत्तर प्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में कल बीती शाम घर के बाहर खेल रही 7 साल की बच्ची पर तेंदुए ने हमला कर दिया। तेंदुआ उसे जबड़ों में दबाकर गन्ने के खेतों में ले गया। बेटी को बचाने के लिए पिता संपत काफी दूर तक आदमखोर के पीछे दौड़े। लेकिन तब तक मासूम को लेकर गन्ने के खेत में घुस गया। सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीणों ने खेतों में तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि मंगलवार सुबह खेत से बच्ची का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया। बच्ची की पहचान सान्या (7) के रूप में हुई है।

सूचना पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने खेतों में तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद बच्ची के कपड़े बरामद हुए, लेकिन देर रात तक उसका कोई पता नहीं चल सका था। मंगलवार को बच्ची का शव गन्ने के खेत से बरामद हुआ। घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।












