
चंडीगढ़/मानसा (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब में नशे के खिलाफ अभियान चलाने वाले परविंदर सिंह झोटा की मानसा में गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है। मुख्यमंत्री जल्द ही सभी जिलों के एसएसपी, एसडीएम और डीएसपी के साथ भी बैठक करेंगे। परविंदर सिंह झोटा की मंगलवार सुबह मानसा में केमिस्ट शॉप मालिक अश्विनी कुमार ने गोली मारकर हत्या कर दी। हमले में उनके साथ मौजूद कुछ और लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, घटना से पहले झोटा अपने फेसबुक पेज पर लाइव थे।

इस दौरान वह अपने साथियों के साथ एक मेडिकल स्टोर संचालक से नशे को लेकर बहस करते दिखाई दे रहे थे। इसी बीच उन पर गोलियां चला दी गईं। केमिस्ट शॉप मालिक ने झोटा पर नजदीक से गोलियां चलाईं। कई गोलियां लगने के बाद वह मौके पर गिर पड़े। उन्हें दो पेट व एक झांग में गोली लगी और अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद मानसा और आसपास के मालवा क्षेत्र में रोष का माहौल है। मानसा के स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। घटना के बाद पुलिस ने हमलावर की तलाश तेज कर दी है। जिले के प्रवेश और निकास मार्गों पर नाकाबंदी कर जांच की जा रही है। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।











