
अमृतसर (द स्टैलर न्यूज़)। श्री हरिमंदिर साहिब में बीती रात के समय व्लॉग बनाने पहुंचे एक युवक ने वहां तैनात पहरेदारों पर बदसलूकी, धक्कामुक्की और कैमरा छीनने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। युवक का कहना है कि उसके कैमरे से वीडियो भी डिलीट कर दिए गए। इस घटना को लेकर अब विवाद खड़ा हो गया है। व्लॉगर के अनुसार वह मेहनत और पैसे खर्च करके वीडियो बना रहा था। इसी दौरान कथित तौर पर पहरेदारों ने उसका कैमरा उससे छीन लिया और उसके साथ बदसलूकी की। युवक ने आरोप लगाया कि उसका हाथ भी मरोड़ा गया। इतना ही नहीं, युवक का दावा है कि उसे एक कमरे में ले जाया गया, जहां मौजूद निहंगों ने उसे जबरन पैरों में गिरने और पैर छूने के लिए मजबूर किया। युवक ने अपने वीडियो के जरिए श्री हरिमंदिर साहिब की खूबसूरती की तारीफ की, लेकिन साथ ही वहां तैनात पहरेदारों के व्यवहार पर भी सवाल उठाए। उसने अमृतसर आने वाले पर्यटकों के साथ अपने इस कथित अनुभव को साझा करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की।

वहीं, इस मामले पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का कहना है कि श्री हरिमंदिर साहिब परिसर में वीडियोग्राफी करने की अनुमति नहीं है। अगर कोई व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करते हुए वीडियो बनाता पाया जाता है, तो पहरेदार उसे रोकते हैं। पहरेदारों की जिम्मेदारी वीडियोग्राफी को रोकना है, न कि किसी के साथ मारपीट करना।











