
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। ओमान के सोहर एंकरेज में 11 भारतीय क्रू सदस्यों वाले एक टैंकर पर ड्रोन हमला हो गया। इस हमले के बाद दो भारतीय नाविक लापता हैं। नौ क्रू सदस्यों को बचा लिया गया है और वे सुरक्षित हैं, जबकि खोज और बचाव अभियान जारी है। केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मामले की जानकारी दी।

सोनोवाल ने कहा कि टैंकर ‘MT पेट्रो डॉल्फिन’ पर 11 अक्टूबर को हमला हुआ था और भारतीय अधिकारी लापता नाविकों का पता लगाने के लिए स्थानीय एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। इस ड्रोन हमले का एक वीडियो सामने आया है जिसमें हमले के बाद टैंकर में से धुएं के गुबार उठते देखे जा रहे हैं। पास की नाव में बैठे नाविकों ने ये वीडियो बनाया है। वीडियो में टैंकर में से आग की तेज लपटे उठती दिख रही हैं। Marine Tanks ने सोशल साइट X पर वीडियो पोस्ट किया है और पूरे मामले की जानकारी दी है।












