
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। शारजाह के पास समुद्र में कच्चे तेल के एक टैंकर पर ड्रोन से हमला होने की खबर सामने आई है। राहत की बात यह है कि इस जहाज पर सवार सभी 22 भारतीय नाविक सुरक्षित हैं। केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने इस घटना की जानकारी दी है। मंत्री के अनुसार यह हमला 9 अक्टूबर को शारजाह एंकरेज के पास हुआ। हमले का निशाना पनामा के झंडे वाला कच्चे तेल का टैंकर एमटी जेम नंबर 2 बना। जहाज पर 22 भारतीय नाविक मौजूद थे, जिनकी सुरक्षित होने की पुष्टि की गई है। सर्बानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया के जरिए बताया कि भारत सरकार लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। भारतीय नाविकों की सुरक्षा और उनकी भलाई सुनिश्चित करने के लिए जहाज का प्रबंधन करने वाली कंपनी के साथ लगातार संपर्क किया जा रहा है।

हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ड्रोन हमले के पीछे किसका हाथ है और टैंकर को कितना नुकसान पहुंचा है। गौरतलब है कि समुद्री रास्तों के जरिए दुनिया भर में कच्चे तेल और अन्य जरूरी सामान का व्यापार होता है। ऐसे में समुद्र में जहाजों पर होने वाले हमले न केवल नाविकों की सुरक्षा के लिए खतरा हैं, बल्कि वैश्विक व्यापार और सप्लाई चेन को भी प्रभावित कर सकते हैं। फिलहाल, सभी 22 भारतीय नाविकों के सुरक्षित होने से राहत मिली है और भारत सरकार पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।












