
फाजिल्का (द स्टैलर न्यूज़)। जलालाबाद के सीमावर्ती गांव चक्क पक्खी में पैसों के लेन-देन को लेकर हुआ मामूली विवाद उस समय खूनी झड़प में बदल गया जब एक व्यक्ति ने दूसरे युवक पर तेजधार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पुलिस ने मामले में दो आरोपितों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है और उनको गिरफ्तार भी कर किया है। मृतक की पहचान गांव चक्क पक्खी निवासी 26 वर्षीय जगमीत सिंह के रूप में हुई है। जलालाबाद के डीएसपी लवदीप सिंह गिल ने बताया कि जगमीत सिंह अपने दोस्त बेअंत सिंह के साथ गांव में मोमोज की रेहड़ी पर गया था। वहां रेहड़ी संचालकों के साथ पैसे और बाद में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया।

इसी दौरान जगमीत सिंह पर धारदार हथियार से हमला किया गया। विवाद की सूचना मिलने पर जगमीत सिंह के पिता भी मौके पर पहुंचे थे। पेट और छाती पर गंभीर चोटें लगने के कारण इसको घायल अवस्था में सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज को जांच में शामिल कर मामले की पड़ताल कर रही है। डीएसपी जलालाबाद के अनुसार पुलिस ने मामले में दो आरोपितों गुरचरण सिंह व बिटु सिंह वासी चिमने वाला के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। जबकि पुलिस ने इस मामले में दोनों की गिरफ्तारी भी कर ली है। पुलिस द्वारा इस मामले में किस हथियार का इस्तेमाल किया गया, उसको लेकर जांच की जा रही है और हथियार बरामद करने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि 26 वर्षीय जगमीत सिंह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। वह पुराने मोटरसाइकिल खरीदने-बेचने का कारोबार करता था। वह अपने पीछे पत्नी और दो छोटी बेटियां छोड़ गया है।












