
केरला (द स्टैलर न्यूज़)। केरल के कन्नूर जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। पप्पिनिसेरी में चलती मिनी लॉरी से ऑक्सीजन सिलेंडर गिरने और उसमें विस्फोट होने से 48 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान श्रीजीत के रूप में हुई है, जो केरल राज्य विद्युत बोर्ड में कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि श्रीजीत रात करीब 9 बजे ड्यूटी खत्म करने के बाद मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर चुंगम के पास ऑक्सीजन सिलेंडर ले जा रही मिनी लॉरी से एक सिलेंडर गिरकर उनकी चपेट में आ गया और उसमें विस्फोट हो गया।

हादसे में श्रीजीत गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, पुलिस ने लॉरी को जब्त कर लिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती आशंका है कि लॉरी का पिछला दरवाजा खुलने के कारण सिलेंडर नीचे गिरा होगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।












