
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़) रिपोर्ट: रजनीश शर्मा। हमीरपुर जि़ला में कई टुकड़ों में बंटी भाजपा को मुख्यमंत्री के दौरे से किसी प्रकार की संजीवनी नहीं मिल पाई। गत साढ़े चार वर्षों से राजनीतिक रूप से हाशिए पर चल रहे हमीरपुर जि़ला में चुनावी चिंताओं से घिरा मुख्यमंत्री का दो दिवसीय दौरा पूरी तरह से विफल रहा।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता प्रेम कौशल ने मीडिया को जारी एक बयान में कहा कि चाहे लोकसभा के चुनाव नज़दीक हों अथवा विधानसभा के, हमीरपुर में रेल पहुंचाने का सपना दिखा कर जिले के लोगों को गुमराह करने का सिलसिला लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि वास्तविक्ता यह है कि केंद्रीय बज़ट से पूर्व दिल्ली जाकर मुख्यमंत्री ने प्रदेश से सम्बंधित जो भी मुद्दे प्रधानमंत्री अथवा विभिन्न मंत्रियों के सामने उठाए उनमें से किसी भी मुद्दे को तवज्जो नहीं दी गई। प्रेम कौशल ने कहा कि हमीरपुर रेल लाइन प्रोजैक्ट के लिए इस वर्ष पुन:मात्र एक हज़ार रुपए का प्रावधान पूरी तरह स्पष्ट करता है कि यह प्रोजैक्ट भाजपा का एक चुनावी स्टंट है जबकि हक़ीक़त में यह सरकार के एजेंडे में है ही नहीं। कांग्रेस प्रवक्ता ने प्रदेश में बन रहे तीन मैडीकल कॉलेजों के इंफ्रास्ट्रक्चर का कार्य सितंबर माह तक पूर्ण करने के मुख्यमंत्री के आदेश पर भी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जानते हैं वह दोबारा सत्ता में आने वाले नहीं है इसलिए आनन फानन में इनके उद्घाटन करने के लिए लालायित हैं। कांग्रेस पार्टी आधे अधूरे भवनों के उद्घाटन करने का मुख्यमंत्री का सपना पूरा नहीं होने देगी क्योंकि प्रदेश के इन तीनों संस्थानों को खोलने में वर्तमान केंद्र तथा प्रदेश सरकारों का कोई योगदान नहीं है।












