
फाजिल्का (द स्टैलर न्यूज़)। फाजिल्का में सलेमशाह रेलवे क्रॉसिंग के पास गोलीबारी की घटना प्रकाश में आई है। यहां मोटरसाइकिल सवार एक अज्ञात हमलावर ने एक युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमले में घायल युवक की पहचान जतिंदर सिंह जग्गी के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया। गोली लगने से जतिंदर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका फाजिल्का के सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा था, लेकिन हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस हमलावर की पहचान करने के साथ-साथ गोलीबारी के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। इसके लिए घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने मौके से गोलियों के खोल भी बरामद किए हैं। जानकारी के मुताबिक, युवक के सिर और पेट में गोलियां लगी हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।












