
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। बीसीसीआई द्वारा करवाई जा रही राष्ट्रीय महिला अंडर-23 टूर्नामेंट के लिए चुनी गई पंजाब की टीम में एचडीसीए की सुरभि के चयन से पूरे होशियारपुर व क्रिकेट जगत में खुशी की लहर है। इस संबंधी जानकारी देते हुए एचडीसीए के सचिव डा. रमन घई ने बताया कि होशियारपुर की सुरभि का पंजाब अंडर-23 में चयन होने से होशियारपुर की अन्य महिला क्रिकेटरों का भी मनोबल बढ़ेगा। डा. घई ने बताया कि सुरभि इसी सीज़न में पंजाब की महिला अंडर-19 टीम का बतौर कप्तान नेतृत्व भी कर चुकी है। उन्होंनें बताया कि जिस तरह एचडीसीए में मुख्य कोच दविंदर कौर कल्याण व सहायक कोच निकिता कुमारी की देखरेख में जिले की महिला खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त कर नई-नई उपलब्धियां हासिल कर रही है, उससे आने वाले समय में जल्द ही होशियारपुर से कोई-न-कोई महिला खिलाड़ी भारत की टीम में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी दावेदारी पेश कर सकती है।

सुरभि के चयन पर एचडीसीए अध्यक्ष डा. दलजीत खेलां, संयुक्त सचिव डा. विवेक साहनी, ठाकुर योगराज, डा. पंकज शिव, सुभाष शर्मा, जतिंदर सूद के अलावा समूह एसोसिएशन पदाधिकारियों ने खुशी व्यक्त करते हुए सुरभि व अन्य खिलाड़ियों को उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। सुरभि के चयन पर कोच दविंदर कौर कल्याण, सहायक कोच निकिता कुमार, जिला मुख्य कोच दलजीत सिंह, ट्रेनर व पूर्व राष्ट्रीय कोच कुलदीप धामी, जिला सहायक कोच अशोक शर्मा, करन सैनी, प्रवीण कपूर, पंकज पिंका आदि ने भी खुशी व्यक्त करते हुए सुरभि को बधाई दी। डा. घई ने बताया कि बीसीसीआई की होने वाली यह महिला अंडर-23 प्रतियोगिता रोहतक (हरियाणा) में 13 से 23 नवंबर तक खेली जाएगी।












