Wednesday, November 11, 2026
Home Crime होशियारपुर में पत्नी का गला घोंटकर की हत्या, गन्ने के खेत में...

होशियारपुर में पत्नी का गला घोंटकर की हत्या, गन्ने के खेत में छिपाया शव, पति गिरफ्तार

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। मुकेरियां में जहादौल इस्लाम नाम के शख्स ने अपनी पत्नी रुबीना खातून की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव गन्ने के खेत में छिपाकर उसकी गुमशुदगी का नाटक रच दिया। हत्या की वजह सिर्फ इतनी थी कि उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। आरोपित की बातों पर संदेह होने पर मृतका के भाई ने पुलिस को शिकायत दी।

Advertisements

इसके बाद थाना मुकेरियां की पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार कर शव बरामद कर लिया। पुलिस को दिए बयान में सोहेल अली निवासी चपाखोर, थाना आबादपुर, जिला कटिहार ने बताया कि उसकी बहन रुबीना खातून की शादी कुछ समय पहले जगदऊल इस्लाम निवासी मलिकपुर, थाना चांचल, जिला मालदा के साथ हुई थी। शादी के बाद दोनों मजदूरी के लिए पंजाब आ गए और होशियारपुर जिले के मुकेरियां में कूड़ा-कचरा उठाने का काम करने लगे।

शिकायतकर्ता के अनुसार, 5 नवंबर को उसके जीजा ने फोन कर रुबीना के लापता होने की सूचना दी। अगले दिन वह पंजाब पहुंचा और जीजा के साथ बहन की तलाश करने लगा। इस दौरान उसे जगदऊल इस्लाम के व्यवहार पर संदेह हुआ, क्योंकि पत्नी के लापता होने के बावजूद उसके चेहरे पर कोई चिंता नजर नहीं आ रही थी। उसकी बातों में भी विरोधाभास दिखाई दिया। इसके बाद उसने गांव की सरपंच को जानकारी दी, जिन्होंने पुलिस को सूचित किया।

थाना प्रभारी एसआइ प्रिंसपाल सिंह ने बताया कि पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपित ने पत्नी की हत्या करने की बात कबूल की है। आरोपित के अनुसार, उसे रुबीना के चरित्र पर शक था और उसे संदेह था कि उसके किसी अन्य व्यक्ति के साथ अवैध संबंध हैं। पुलिस के अनुसार, पांच नवंबर को दोनों काम के सिलसिले में गांव के बाहर छप्पड़ के पास कूड़ा फेंकने गए थे। वहां गन्ने का खेत देखकर आरोपित रुबीना को जबरदस्ती अंदर ले गया और अपने परने से उसका गला घोंट दिया।

हत्या के बाद शव गन्ने के खेत में छिपाकर वह अपनी झुग्गी में लौट आया और पत्नी के लापता होने की बात फैलाने लगा। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here