
हरियाणा (द स्टैलर न्यूज़)। उकलाना मंडी से प्रभुवाला रोड पर कल रात दो पक्षों में रंजिश के चलते विवाद हो गया। विवाद में गोली लगने से आदमपुर के भाणा निवासी शुभम की मौत हो गई। वहीं भाणा निवासी जतिन, सदलपुर निवासी मुकेश, बड़ोपल निवासी पवन, बालसमंद निवासी सोनू और सदलपुर निवासी मोनू को भी गोलियां लगी है। इनमें से चार घायलों का हिसार के निजी अस्पताल में और एक का मेडिकल कालेज अग्रोहा में उपचार चल रहा है।

वहीं दूसरे पक्ष का भाजपा नेता उकलाना मंडी निवासी प्रदीप भी घायल है और उसका शहर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। प्रदीप ने 2 मई को ही भाजपा ज्वाइन की थी। शहर के ऋषि नगर में रहने वाले रोहित ने बताया कि भाणा निवासी शुभम और बालसमंद निवासी सोनू मेरे पास आए हुए थे। कल दोपहर करीब 11 बजे शुभम के पास उसके ताऊ के लड़के बजरंग का फोन आया कि उसके दोस्त पवन उर्फ बेदी का बुड्ढा खेड़ा में झगड़ा हो गया है।
कुछ देर के बाद दोनों को बाईपास पर बुलाया। वहां पर बेदी अपने साथियों के साथ बोलोरो गाड़ी में पहुंचा और दोनों को बैठकर बुड्ढा खेड़ा अपने घर ले गया। वहां पर बेदी ने सभी को शराब पिलाई। फिर उसने कहा कि उकलाना मंडी निवासी प्रदीप के साथ मेरी रंजीश चल रही है और उसको सबक सिखाना है। फिर रात करीब 11 बजे सभी गाड़ी में सवार होकर उकलाना से प्रभुवाला रोड पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के सामने पहुंचे। वहां पर प्रदीप के साथ झगड़ा करने लगे। प्रदीप ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग करनी शुरू कर दी।
गोली लगने से शुभम की मौत हो गई और बाकी घायल हो गए। शुभम का मेडिकल कालेज अग्रोहा में पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। उकलाना थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। उकलाना पुलिस ने वारदात स्थल को सील कर दिया है। मौके पर प्रदीप की गाड़ी मिली है। गोलियों के निशान मिले है।












