Saturday, October 24, 2026
Home Crime CRPF के जवान ने पत्नी की चाकू मार कर की हत्या, तलाश...

CRPF के जवान ने पत्नी की चाकू मार कर की हत्या, तलाश जारी, 2 दिन पहले ही आया था छुट्टी  

रोहतक (द स्टैलर न्यूज़)। रोहतक जिले के गांव बहुअकबरपुर में शक्रवार देर रात घरेलू कलह के चलते CRPF के एक जवान ने अपनी पत्नी की चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

Advertisements

मृतका की पहचान गांव बहुअकबरपुर निवासी 36 वर्षीय मनीषा पत्नी सोमबीर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोमबीर सीआरपीएफ में कार्यरत है और उसकी तैनाती मणिपुर में है। वह 2 दिन पहले ही छुट्टी लेकर अपने गांव आया था। बीती देर रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्साए सोमबीर ने पत्नी मनीषा पर चाकू से एक के बाद एक कई वार कर दिए।

गंभीर रूप से घायल मनीषा लहूलुहान होकर गिर पड़ी, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया। वारदात का पता चलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल मनीषा को संभाला। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही बहुअकबरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बहुअकबरपुर थाना प्रभारी जसबीर सिंह ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आरोपी पति की तलाश कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here