
नेपाल (द स्टैलर न्यूज़)। नेपाल के मकवानपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा होने का समाचार है। काठमांडू से हेटौंडा जा रही यात्रियों से भरी एक ईवी हाइस वैन करीब 700 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में चालक समेत 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य घायल हो गए। नेपाल पुलिस केंद्रीय कार्यालय ने बताया हादसे में 10 लोगों की मौत और पांच लोगों के घायल होने की आधिकारिक पुष्टि की है। यह दुर्घटना भीमफेदी गांवपालिका-6 के चिसापानीगढ़ी में हुई। जानकारी के मुताबिक, मधेश प्रदेश में रजिस्टर्ड ईवी हाइस गुरुवार सुबह सर्लाही जिले के यात्रियों को लेकर काठमांडू से हेटौंडा जा रही थी। इसी दौरान भीमफेदी-कुलेखानी-काठमांडू सड़क मार्ग पर चिसापानीगढ़ी के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में जान गंवाने वालों में तीन महिलाएं, दो बच्चियां और पांच पुरुष शामिल हैं। सभी 10 लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई।

फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान करने की प्रक्रिया में जुटी है। इस दुर्घटना में घायल हुए पांच लोगों को इलाज के लिए हेटौंडा अस्पताल पहुंचाया गया है। हादसे की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, जिस ईवी हाइस की क्षमता केवल 10 लोगों की थी, उसमें चालक समेत कुल 15 लोग सवार थे। यानी गाड़ी में निर्धारित क्षमता से पांच लोग अधिक बैठे हुए थे। मृतक और घायल सभी सर्लाही जिले के चक्रघट्टा गांवपालिका-4 स्थित सुन्दरपुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। घायलों में 33 साल के मुकेश यादव, 5 वर्षीय सक्षम कुमार यादव और 3 वर्षीय सुदन यादव भी शामिल हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मुकेश और सक्षम की हालत सामान्य थी, जबकि सुदन की स्थिति मध्यम बताई गई थी। सभी घायलों का हेटौंडा अस्पताल में इलाज चल रहा है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही नेपाल पुलिस, सशस्त्र प्रहरी बल, नेपाली सेना और बागमती प्रदेश आपदा प्रबंधन गुल्म की टीमें मौके पर पहुंच गईं। सभी ने मिलकर राहत और बचाव अभियान शुरू किया।












