
नई दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। पाकिस्तान के जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा की रिमांड 4 दिन के लिए बढ़ा दी गई है। जांच एजेंसियों को पता चला है कि ज्योति चार बार मुंबई आई थी। ज्योति साल 2024 में तीन बार और 2023 में एक बार मुंबई आई थी, जहां उसने कई इलाकों के फोटो और वीडियों भी बनाए थे। इतना ही नहीं, जांच में पाया गया कि ज्योति ने अपने इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से कई वीडियों और फोटो डिलीट कर दिए थे, जिसे रिकवर कर लिया गया है। जांच में पता चला कि साल 2023 में उसकी मुलाकात पाकिस्तान हाई कमिशन के अधिकारी एहसान-उर-रहीम उर्फ दानिश से हुई थी, जिसे भारत से निकाला गया है।

ज्योति ने अपने बयान में बताया है कि वह दानिश के कहने पर दो बार पाकिस्तान की यात्रा की थी। दानिश के कहने पर ही वह पाकिस्तान में अली हसन से मिली थी, जो वहां उसके रुकने और घूमने-फिरने का इंतजाम किया था। पाकिस्तान में अली हसन ने ही ज्योति की पाकिस्तानी सिक्योरिटी और इंटेलिजेंस के अधिकारियों से मुलाकात करवाई थी। वहां पर ही वह शाकिर और राणा शहबाज से भी मिली थी।
पूछताछ में ज्योति ने बताया है कि उसने शाकिर का मोबाइल नंबर अपने फोन में “जट रंधावा” के नाम से सेव किया था, ताकि किसी को शक ना हो। फिर वह वापस भारत लौटी। इसके बाद व्हाट्सऐप, स्नैप चैट और टेलीग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफार्म के जरिए वहां के इन लोगों से लगातार संपर्क में रही और देश विरोधी सूचनाओं का आदान-प्रदान करती रही। इस दौरान वह दिल्ली में पाक हाई कमीशन में अधिकारी दानिश से काफी बार मिलती रही। पुलिस की जांच में सामने आया है कि ज्योति ने सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान की सकारात्मक छवि पेश करने और भारत के खिलाफ प्रचार को बढ़ावा देने की कोशिश की।












