
महाराष्ट्र (द स्टैलर न्यूज़)। महाराष्ट्र के सोलापुर से आ रही एक इलेक्ट्रिक ‘शिवाई’ बस में आज पुणे के सेवन लव्स चौक स्थित महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) के मंडलीय कार्यालय के सामने आग लग गई। हालांकि, बस में सवार सभी 20 यात्री समय रहते सुरक्षित उतर गए। दमकल अधिकारी प्रशांत गायकवाड ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ।

उन्होंने कहा, ”आग लगने की सूचना पूर्वाह्न 11 बजकर 14 मिनट पर मिली। इसके बाद दमकल की एक गाड़ी और पानी का टैंकर पूर्वाह्न 11 बजकर 20 मिनट पर घटनास्थल पर पहुंचे। 6 मिनट के भीतर आग पर काबू पा लिया गया। हमने बस की 10 बैटरी को सुरक्षित बचा लिया।” गायकवाड ने बताया कि यहां स्वारगेट जा रही बस के चालक ने कहा कि चालक के केबिन में डैशबोर्ड के पास शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगने की आशंका है।












