
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब सरकार की ओर से चलाए जा रहे ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के तहत डिप्टी कमिश्नर होशियारपुर आशिका जैन के दिशा-निर्देशों के अनुसार जिला नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र होशियारपुर की ओर से गांव हरदोखानपुर में नशे के दुष्प्रभावों और इसके उपचार संबंधी जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया। इस दौरान केंद्र के विशेषज्ञ काउंसलर प्रशांत आदिया ने विशेष रूप से शिरकत करते हुए ग्रामीणों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक नुकसान के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

प्रशांत आदिया ने कहा कि नशे की लत एक गंभीर स्वास्थ्य एवं सामाजिक समस्या है, लेकिन सही समय पर उपचार, काउंसलिंग और परिवार के सहयोग से इससे उबरा जा सकता है। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या से पीड़ित व्यक्तियों से नफरत करने के बजाय उन्हें विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह से उपचार करवाने के लिए प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने युवाओं को तंबाकू, सिगरेट और अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।
उन्होंने बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसकी शिक्षा, रोजगार, पारिवारिक संबंधों और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है। तंबाकू में मौजूद हानिकारक रसायनों के कारण कैंसर, हृदय रोग और फेफड़ों संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ता है। इसलिए युवाओं को शुरुआत से ही ऐसी बुरी आदतों से बचना चाहिए।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग पंजाब की ओर से नशे की लत से छुटकारा पाने के लिए मुफ्त उपचार सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। मानसिक तनाव, चिंता, डिप्रेशन और नशे संबंधी सलाह एवं काउंसलिंग के लिए टेली-मानस की 24 घंटे चलने वाली मुफ्त हेल्पलाइन 14416 और 1800-89-14416 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा जिला स्तर पर सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 85580-01882 भी उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि सिविल अस्पताल होशियारपुर और सब-डिवीजनल सिविल अस्पताल दसूहा में नशा मुक्ति केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जहां मरीजों को 15 से 21 दिनों तक डिटॉक्सीफिकेशन उपचार दिया जाता है। इसके बाद जरूरत के अनुसार मरीजों को सरकारी पुनर्वास केंद्र, मोहल्ला फतेहगढ़ होशियारपुर में 90 दिनों के लिए भर्ती कर उपचार एवं पुनर्वास सेवाएं प्रदान की जाती हैं। यहां जिला प्रशासन और रेडक्रॉस के सहयोग से मरीजों को विभिन्न व्यावसायिक कौशल विकास प्रशिक्षण भी दिया जाता है, ताकि वे उपचार के बाद आत्मनिर्भर जीवन जी सकें।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिला, सब-डिवीजन और सीएचसी स्तर पर ओओएटी क्लीनिक संचालित किए जा रहे हैं, जहां मरीज और उनके परिवार की लिखित सहमति के बाद ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से दवा आधारित उपचार शुरू किया जाता है। इसके अलावा राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के तहत संचालित ओएसटी केंद्रों में इंजेक्शन के माध्यम से नशा करने वाले व्यक्तियों के लिए विशेष उपचार एवं सहायता सेवाएं उपलब्ध हैं।
सेमिनार के दौरान आयुष्मान आरोग्य केंद्र, अर्बन सिविल डिस्पेंसरी नहर कॉलोनी होशियारपुर की क्लीनिकल असिस्टेंट दीपिका आदिया भी विशेष रूप से उपस्थित रही। कार्यक्रम के अंत में प्रशांत आदिया ने उपस्थित लोगों को नशामुक्त रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय योगदान देने की शपथ दिलाई। ग्रामीणों ने इस जागरूकता पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों में सहयोग देने का भरोसा दिया।












