
लुधियाना (द स्टैलर न्यूज़)। दहेज की लालच ने एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। मायके से और अधिक दहेज लाने की मांग को लेकर एक पति ने अपनी ही पत्नी मुस्कान वर्मा के साथ न केवल बेरहमी से मारपीट की, इतना ही नहीं उसके ऊपर डीजल छिड़ककर आग लगा दी। घटना को लेकर पीड़िता के मायके पक्ष में भारी रोष है। संबंधित थाना पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयानों के आधार पर आरोपी पति अर्जुन के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और जान से मारने के प्रयास की गंभीर धाराओं के तहत मुकद्दमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयानों में शिकायतकर्ता अमृत सिंह ने बताया कि उनकी बेटी मुस्कान वर्मा को ससुराल में शादी के बाद से ही दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था।

आरोप है कि गत 14 अक्टूबर को मुस्कान के पति ने मायके से और अधिक दहेज लाने का दबाव बनाते हुए उसके साथ बुरी तरह मारपीट की। जब दहेज की नाजायज मांग पूरी नहीं हुई, तो गुस्से और लालच में अंधे हुए आरोपी पति ने जान से मारने की नीयत से मुस्कान वर्मा के ऊपर डीजल तेल डाल दिया और आग लगा दी। वारदात के बाद झुलसी हुई विवाहिता को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, वहीं मायके पक्ष ने पुलिस को पूरे घटनाक्रम की शिकायत सौंपी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शिकायतकर्ता के बयानों और मेडिकल रिकॉर्ड के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और हत्या के प्रयास से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।












