
हिमाचल प्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। बुधवार को हिमाचल प्रदेश में संस्कृति, प्रशासन, पर्यटन और सड़क हादसों से जुड़ी कई अहम गतिविधियां देखने को मिलीं। रामपुर में राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने अंतरराष्ट्रीय लवी मेले का शुभारंभ किया, जबकि घुमारवीं में एचआरटीसी की इलेक्ट्रिक बस की चपेट में आने से 34 वर्षीय युवक की मौत हो गई। दूसरी ओर, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिक्षा विभाग के 675 अधिकारियों की पदोन्नति को मंजूरी दी और शिमला में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से पर्यटन कारोबार को रफ्तार मिली।

हिमाचल प्रदेश के ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय लवी मेले का बुधवार को रामपुर बुशहर में विधिवत शुभारंभ हो गया। पाटबंगला मैदान में आयोजित चार दिवसीय मेले का उद्घाटन राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने किया। इस दौरान उन्होंने किन्नौरी मार्केट का रिबन काटकर शुभारंभ किया और विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनियों का निरीक्षण किया।
बिलासपुर जिले के घुमारवीं बस स्टैंड के बाहर बुधवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसे में 34 वर्षीय युवक की मौत हो गई। जंगलबैरी से शिमला जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम की इलेक्ट्रिक बस के पिछले टायर की चपेट में आने से युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हिमाचल प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिमला पुलिस की डिटेक्शन सेल रोहड़ू ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने हाटकोटी के नजदीक गलू में एक नेपाली युवक को करीब 50 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान संजू राही उर्फ माधव (29) पुत्र प्रेम राय निवासी नेपाल के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ जुब्बल थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया है।
मंडी जिले में पुलिस ने अवैध रूप से बीयर की खेप ले जा रहे एक महिंद्रा वाहन को पकड़कर 200 पेटियां बरामद की हैं। यह कार्रवाई पंडोह के पास 7 मील क्षेत्र में तड़के करीब तीन बजे नाकाबंदी और वाहनों की जांच के दौरान की गई। पुलिस के अनुसार, बरामद बीयर की पेटियों पर ‘For Sale in Punjab’ का मार्का लगा हुआ था। वाहन चालक बीयर के परिवहन से संबंधित कोई वैध परमिट या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया।












