Friday, November 13, 2026
Home Jammu & Kashmir राजौरी में हैंडलर की 81 लाख की संपत्ति कुर्क, जड़ से उखड़ेगा...

राजौरी में हैंडलर की 81 लाख की संपत्ति कुर्क, जड़ से उखड़ेगा आतंक का नेटवर्क

जम्मू-कश्मीर (द स्टैलर न्यूज़)। जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों का अभियान लगातार तेज हो रहा है। अब आतंकियों और उनके मददगारों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ सीमा पार बैठकर आतंकी नेटवर्क संचालित करने वालों की आर्थिक कमर तोड़ने की कोशिश की जा रही है। थानामंडी पुलिस ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में बैठे एक आतंकी आंका की 81 लाख रुपये की अचल संपत्ति को पूरी तरह कुर्क कर लिया है। राजौरी पुलिस के प्रवक्ता के अनुसार आतंकवाद के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए, थानामंडी पुलिस स्टेशन ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर स्थित एक आतंकी हैंडलर की अचल संपत्ति को कुर्क किया है।

Advertisements

यह कार्रवाई थानामंडी पुलिस स्टेशन में दर्ज केस FIR नंबर 04/2011 (EIMCO एक्ट की धारा 2/3 के तहत) के सिलसिले में, CrPC की धारा 87/88 के अंतर्गत की गई है। राजौरी पुलिस प्रवक्ता के अनुसार पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में बैठे इस आतंक के हैंडलर का नाम मोहम्मद अरशद, पुत्र नूर हुसैन, निवासी खबलान, थानामंडी है। कुर्क की गई संपत्ति में राजौरी जिले के थानामंडी के गांव खबलान में स्थित खसरा नंबर 125, 128 और 160 के अंतर्गत आने वाली 02 कनाल और 14 मरला जमीन शामिल है।

राजौरी पुलिस ने दावा किया है कि कुर्क की गई इस संपत्ति का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 81 लाख रुपये है। गौरतलब है कि आतंकवाद के सपोर्ट नेटवर्क को तोड़ने और राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के अपने निरंतर प्रयासों के तहत, राजौरी की थानामंडी पुलिस ने वर्ष 2026 के दौरान PoK स्थित 10 आतंकी हैंडलरों की करोड़ों रुपये की संपत्ति कुर्क की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here