
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। यूएई के फुजैराह के पास गुरुवार आधी रात एक सड़क हादसा हो गया। यहां एक बेकाबू ट्रक ने कई गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। UAE के गृह मंत्रालय के अनुसार इस हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि लगभग 30 लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में कई भारतीय भी शामिल हैं। गृह मंत्रालय के एक स्टेटमेंट के अनुसार, सड़क पर जा रहे एक ट्रक ड्राइवर ने गाड़ी पर कंट्रोल खो दिया था, जिससे उसका ट्रक एक दूसरे वाहन से टकरा गया। इसके बाद ट्रक पलट गया और सड़क पर ट्रैफिक जाम के कारण रुकी हुई कई अन्य गाड़ियों से जा टकराया। यह घटना आधी रात के आसपास हुई है।

ये भी कहा गया कि इस टक्कर की वजह से हादसे के दौरान ट्रक में आग लग गई और यह आग कई अन्य वाहनों तक फैल गई, जिससे जान-माल का भारी नुकसान हुआ। पुलिस, एम्बुलेंस और सिविल डिफेंस की टीमों समेत इमरजेंसी सर्विस तुरंत मौके पर पहुंचीं। घायलों में से आधे लोगों को इलाज के बाद हॉस्पिटल से छुट्टी दे दी गई, जबकि बाकी लोगों का इलाज अभी भी चल रहा है। दुबई के गृह मंत्रालय के अनुसार, मारे गए लोगों की पहचान करने के लिए DNA टेस्ट किए गए हैं। वहीं, दुबई में भारतीय वाणिज्य दूतावास ने जानकारी दी कि मृतकों में कई भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि वाणिज्य दूतावास ने शोक संतप्त परिवारों से बात की। भारतीय वाणिज्य दूतावास हर संभव मदद व सहयोग देने के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है।
जानकारी के अनुसार, घायलों में संयुक्त अरब अमीरात, ओमान, ब्राजील, पाकिस्तान, जॉर्डन और मिस्र के नागरिक भी शामिल हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के बाद उनके परिजनों को सौंपे जाएंगे।












